अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर लोजपा (रामविलास) महिला प्रकोष्ठ का आयोजन, देश का नाम रोशन करने वाली महिलाओं को किया नमन

नई दिल्ली। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के महिला प्रकोष्ठ द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 71, नॉर्थ एवेन्यू स्थित पार्टी कार्यालय में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश का नाम रोशन करने वाली महिलाओं को नमन करते हुए उनके योगदान को सम्मानपूर्वक स्मरण किया गया।

कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती चंद्रप्रभा भाटिया जी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि उन महिलाओं के संघर्ष, साहस और उपलब्धियों को सम्मान देने का दिन है, जिन्होंने अपनी गरिमा और आत्मसम्मान को बनाए रखते हुए समाज के हर क्षेत्र में नेतृत्व किया है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की दृढ़ता, संघर्ष और उपलब्धियाँ हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। समाज और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, और उनके सशक्तिकरण के बिना समावेशी विकास संभव नहीं है।

राष्ट्रीय अध्यक्षा ने सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएँ और नेतृत्व की भूमिका में आगे आएँ।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने महिलाओं के सम्मान, समान अवसर और सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Scroll to Top